गुरुवार, मई 09, 2013

चीज़ें हमें जो सिखा सकती हैं

ब्लूबर्ड, मार्क शगाल
Bluebird, Marc Chagall



चीज़ें हमें जो सिखा सकती हैं, वह है :
गिरना,
धैर्यपूर्वक विश्वास करना अपने भारीपन पर.
उड़ने से पहले
पंछी को भी ऐसा करना होता है. 




-- रायनर मरीया रिल्के





 रायनर मरीया 
रिल्के ( Rainer Maria Rilke ) जर्मन भाषा के सब से महत्वपूर्ण कवियों में से एक माने जाते हैं. वे ऑस्ट्रिया के बोहीमिया से थे. उनका बचपन बेहद दुखद था, मगर यूनिवर्सिटी तक आते-आते उन्हें साफ़ हो गया था की वे साहित्य से ही जुड़ेंगे. तब तक उनका पहला कविता संकलन प्रकाशित भी हो चुका था. यूनिवर्सिटी की पढाई बीच में ही छोड़, उन्होंने रूस की एक लम्बी यात्रा का कार्यक्रम बनाया. यह यात्रा उनके साहित्यिक जीवन में मील का पत्थर साबित हुई. रूस में उनकी मुलाक़ात तोल्स्तॉय से हुई व उनके प्रभाव से रिल्के का लेखन और गहन होता गुया. फिर उन्होंने पेरिस में रहने का फैसला किया जहाँ वे मूर्तिकार रोदें के बहुत प्रभावित रहे.यूरोप के देशों में उनकी यात्रायें जारी रहीं मगर पेरिस उनके जीवन का भौगोलिक केंद्र बन गया. पहले विश्व युद्ध के समय उन्हें पेरिस छोड़ना पड़ा, और वे स्विटज़रलैंड में जा कर बस गए, जहाँ कुछ वर्षों बाद ल्यूकीमिया से उनका देहांत हो गया. कविताओं की जो धरोहर वे छोड़ गए हैं, वह अद्भुत है. यह कवितांश 'द बुक ऑफ़ ऑवरज़' ' से है. 
इस कविता का जर्मन से अंग्रेजी में अनुवाद जोआना मेसी व अनीता बैरोज़  ने किया है. 
इस कविता का हिंदी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़

रविवार, मई 05, 2013

हमारे जैसे लोग

पोर्ट्रेट ऑफ़ चेल्सो लागार, अमेदेओ मोदिग्लियानी
Portrait of Celso Lagar, Amadeo Modigliani

हमारे जैसे और भी हैं. दुनिया भर में हैं 
हड़बड़ाए-घबराए लोग, जिन्हें सो कर उठने पर
नहीं याद आता अपने कुत्ते का नाम, लोग
जो ईश्वर से प्रेम करते हैं मगर जिन्हें याद नहीं

कि जब वे सोये थे तब वह कहाँ था. कोई
बात नहीं. दुनिया स्वयं को ऐसे ही शुद्ध करती है. 
आधी रात को तुम्हें एक रॉंग नंबर सूझता है,
तुम मिलाते हो उसे, और वह इतने समय से

बजता है वह कि एक घर बच जाता है. और दूसरी
मंजिल पर रहते आदमी को, मिल जाता है गलत पता,
वहाँ का जहाँ रहता है अनिद्रा रोगी, और वह बहुत
अकेला है, और वे बात करते हैं, और चोर वापिस
कॉलेज चला जाता है. ग्रेजुएट स्कूल में भी

तुम भटक कर पहुँच सकते हो गलत कक्षा में,
और सुन सकते हो गलत प्रोफेसर द्वारा
प्रेम से पढ़ी जा रही महान कविताएँ.
और तुम पाते हो कि तुम्हारी आत्मा को,
और विशालता को है कोई बचाने वाला, और
यह कि मृत्यु में भी तुम सुरक्षित हो. 



-- रोबर्ट ब्लाए




 रोबर्ट ब्लाए ( Robert Bly ) अमरीकी कवि,लेखक व अनुवादक हैं. 36 वर्ष की आयु में उनका पहला कविता संकलन प्रकाशित हुआ, मगर उस से पहले साहित्य पढ़ते समय उन्हें फुलब्राईट स्कॉलरशिप मिला और वे नोर्वे जाकर वहां के कवियों की कविताओं का अनुवाद अंग्रेजी में करने लगे. वहीं पर वे दूसरी भाषाओँ के अच्छे कवियों से दो-चार हुए - नेरुदा, अंतोनियो मचादो, रूमी, हाफिज़, कबीर, मीराबाई इत्यादि. अमरीका में लोग इन कवियों को नहीं जानते थे. उनके अनेक कविता संग्रह प्रकाशित हुए और उन्होंने खूब अनुवाद भी किया है. अमरीका के वे लोकप्रिय कवि हैं और यूनिवर्सिटी ऑफ़ मिनेसोटा में उनके लिखे 80,000 पन्नों की आर्काइव है, जो उनका लगभग पचास वर्षों का काम है. यह कविता उनके संकलन 'मोर्निंग पोएम्ज़ ' से है.


इस कविता का मूल अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़

शुक्रवार, मई 03, 2013

स्वप्न वृक्षों का

ट्रीज़ एंड हाउस, पॉल सेज़ान
Trees and House, Paul Cezanne

कुछ है मुझमें जो वृक्षों का स्वप्न देखा करता था,
एक शांत-सा घर, कुछ हरी-भरी सी भूमि,
हर परेशान करने वाले शहर से ज़रा दूर,
ज़रा दूर कारखानों, स्कूलों, विलापों से.
केवल बहती धाराओं और पंछियों का साथ होगा,
मेरे पास समय होगा, मैं सोचती थी,
और बचेगा भी 
कि मैं रच पाऊं अपने जीवन से कुछ अद्भुत छंद.
और फिर समझ आया,
कि मृत्यु भी ऐसी ही होती है,
हर जगह से बस ज़रा दूर.

कुछ है मुझमें
जो अभी भी देखता है वृक्षों के स्वप्न.
फिर जाने देता है. संयम को तरसते,
दुनिया के आधे कलाकार
खुद को समेट लेते हैं या सब से दूर हो जाते हैं.
अगर मिला है किसी को कोई तोड़,
तो वह सभी को बताये.
इस बीच मैं फिर मोड़ती हूँ अपना मन को उसी विलाप की ओर,
जहाँ, जैसे कि समय विनती करता है हमारी सच्ची सहभागिता की,
हर संकट की धार हमें राह दिखाती है.
मैंने बहुत चाहा कि ऐसा न होता, मगर ऐसा ही है.
किसी सौम्य-से दिन भला किसी ने संगीत रचा है?


-- मेरी ओलिवर





Mary Oliver मेरी ओलिवर ( Mary Oliver )एक अमरीकी कव्यित्री हैं, जो 60 के दशक से कविताएँ लिखती आ रहीं हैं. उनके 25 से अधिक कविता संकलन प्रकाशित हो चुके हैं और बहुत सराहे गए हैं. उन्हें अमरीका के श्रेष्ठ सम्मान 'नेशनल बुक अवार्ड' व 'पुलित्ज़र प्राइज़' भी प्राप्त हो चुके हैं. उनकी कविताएँ प्रकृति की गुप-चुप गतिविधियों के बारे में हैं, जैसे वो धरती और आकाश के बीच खड़ीं सब देख रहीं हैं. और  उनकी कविताओं में उनका अकेलेपन  से प्यार, एक निरंतर आंतरिक एकालाप व स्त्री का प्रकृति से गहरा सम्बन्ध भी दिखाई देता है. 

इस कविता का हिन्दी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़