रविवार, सितंबर 23, 2012

अमर

ब्लू लवर्ज़, मार्क शगाल
Blue Lovers, Marc Chagall

अमर: ना जीवित ना मृत.
अमरत्व घातक होता है.
आओ एक दूसरे को गले से लगा लें.
तुम्हारी बाहें हैं 

जैसे किसी अवरोध की बाहें,
तैरते रहने के लिए जीवन-पेटी.
गीतात्मक कवि शापग्रस्त होते हैं.
प्रेम-स्पर्श हमेशा प्रत्यक्ष होता है,
शब्द कभी कभार.



-- वेरा पाव्लोवा 



 वेरा पाव्लोवा ( Vera Pavlova ) रूस की सबसे प्रसिद्द समकालीन कवयित्री हैं. उनका जन्म मॉस्कोमें हुआ था. उन्होंने संगीत की शिक्षा ग्रहण की व संगीत के इतिहास विषय में विशेषज्ञता प्राप्त की. कुछ समय बाद ही उनकी कविताएँ प्रकाशित हुई और उन्होंने अपने साहित्यिक जीवन का आरम्भ किया. उनके 14 कविता-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं व रूस में उनकी किताबें खूब बिकती हैं. उन्होंने चार ओपेरा लिबेरेतोज़ के लिए संगीत लिखा है व कुछ बोल भी. उनकी कविताएँ 18भाषाओँ में अनूदित की गयी हैं. यह कविता उनके अंग्रेजी में अनूदित संकलन 'लेटर्ज़ टू अ रूम नेक्स्ट डोर : 1001 कन्फेशंज़ ऑफ़ लव ' से है.
इस कविता का मूल रशियन से अंग्रेजी में अनुवाद स्टीवन सेमूर ने किया है.
इस कविता का हिंदी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़

शुक्रवार, सितंबर 21, 2012

चाँद

ईवनिंग लैंडस्केप विद राइज़िंग मून,
विन्सेंट वान गोग
Evening Landscape with Rising Moon,
Vincent Van Gogh
जिस तरह वह चाँद, विस्मयकारी, उद्देश्यपूर्ण,
अचानक पर्वत के उस-पार से बाहर कदम रखता है,
और रात को लाता है एक शांत पूर्णता पर,
वैसे ही मेरा स्वर उठता है निर्मल
'जो नहीं है' के पर्वतों के उस-पार से.
और वे ठगी-सी जगहें जहाँ तुम बसे और चले गए
और खुल के दुखती हैं तुम्हारे लिए.



-- रायनर मरीया रिल्के




 रायनर मरीया रिल्के ( Rainer Maria Rilke ) जर्मन भाषा के सब से महत्वपूर्ण कवियों में से एक माने जाते हैं. वे ऑस्ट्रिया के बोहीमिया से थे. उनका बचपन बेहद दुखद था, मगर यूनिवर्सिटी तक आते-आते उन्हें साफ़ हो गया था की वे साहित्य से ही जुड़ेंगे. तब तक उनका पहला कविता संकलन प्रकाशित भी हो चुका था. यूनिवर्सिटी की पढाई बीच में ही छोड़, उन्होंने रूस की एक लम्बी यात्रा का कार्यक्रम बनाया. यह यात्रा उनके साहित्यिक जीवन में मील का पत्थर साबित हुई. रूस में उनकी मुलाक़ात तोल्स्तॉय से हुई व उनके प्रभाव से रिल्के का लेखन और गहन होता गुया. फिर उन्होंने पेरिस में रहने का फैसला किया जहाँ वे मूर्तिकार रोदें के बहुत प्रभावित रहे.यूरोप के देशों में उनकी यात्रायें जारी रहीं मगर पेरिस उनके जीवन का भौगोलिक केंद्र बन गया. पहले विश्व युद्ध के समय उन्हें पेरिस छोड़ना पड़ा, और वे स्विटज़रलैंड में जा कर बस गए, जहाँ कुछ वर्षों बाद ल्यूकीमिया से उनका देहांत हो गया. कविताओं की जो धरोहर वे छोड़ गए हैं, वह अद्भुत है. यह कविता उनके संकलन 'अनकलेकटिड पोएम्ज़' से है.
इस कविता का जर्मन से अंग्रेजी में अनुवाद जोआना मेसी व अनीता बैरोज़ ने किया है. 
इस कविता का हिंदी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़

बुधवार, सितंबर 19, 2012

तनाव में

समर ईवनिंग, व्हीट फील्ड विद सेटिंग सन,
विन्सेंट वान गोग
Summer Evening, Wheat Field with Setting Sun
Vincent van Gogh
नीले आकाश के इंजन की घरघराहट बहरा कर देने वाली है.
हम एक हिलते थरथराते कार्यस्थल में जी रहे हैं
जहाँ समुद्र की गहराइयाँ अचानक खुल सकती हैं --
सीप और टेलिफोन की फुफकार.

तुम सौंदर्य को केवल एक ओर से ही देख सकते हो, जल्दी से.
खेत में लदा घना गेहूं, एक पीली धार में अनेक रंग.
मेरे सर में डोलती व्याकुल छायाएँ वहाँ खिंची चली जाती हैं.
वे गेहूं में घुसना चाहती हैं और सुनहरी होना चाहती हैं.

अँधेरा घिरता है. आधी रात को मैं सोने जाता हूँ.
छोटी नाव बड़ी नाव से निकल अपनी यात्रा आरम्भ करती है.
तुम पानी पर एकदम अकेले बह रहे हो.
समाज के जहाज़ का काला ढांचा दूर, और दूर होता जाता है.


-- तोमास त्रांसत्रोमर 


 तोमास त्रांसत्रोमर ( Tomas Tranströmer )स्वीडन के लेखक, कवि व अनुवादक हैं जिनकी कविताएँ न केवल स्वीडन में, बल्कि दुनिया भर में सराही गयीं हैं. उन्हें 2011 का नोबेल पुरुस्कार प्राप्त हुआ है. उन्होंने 13 वर्ष की आयु से ही लिखना शुरू कर दिया था. उनके 12 से अधिक  कविता संकलन प्रकाशित हो चुके हैं व उनकी कविताएँ लगभग 50 भाषाओँ में अनूदित की गईं हैं. उन्हें अपने लेखन के लिए अनेक सम्मान प्राप्त हुए है जिनमे इंटरनैशनल पोएट्री फोरम का स्वीडिश अवार्ड भी शामिल है. वे नोबेल प्राइज़ के लिए कई वर्षों से नामित किये जा रहे थे. लेखन के इलावा वे जाने-माने मनोवैज्ञानिक भी थे, जो कार्य उन्हें स्ट्रोक होने के बाद छोड़ना पड़ा. उनका एक हाथ अभी भी नहीं चलता है, मगर दूसरे हाथ से वे अब भी लिखते हैं. यह कविता  उनके संकलन 'बेल्ज़ एंड ट्रैक्स'से है.

इस कविता का मूल स्वीडिश से अंग्रेजी में अनुवाद उनके कवि रोबेर्ट फुल्टन ने किया है.

सोमवार, सितंबर 17, 2012

हमने स्वयं को समय दिया


डील्यूज, मिकालोयुस चिर्लोनियस
Deluge, Mikalojus Ciurlionus
हमने स्वयं को समय दिया, हमने
स्वयं को खो दिया, हमने पीछा किया

सूर्य का, कितनी बार हम सोए
पुआल के बिस्तर पर,

और अब, कितनी ठंडी है
हवा की स्मृति

हम कह सकते हैं कि बारिश ने बरसाया था
एक दीर्घ मौन,

और वह ऐसा होता है जैसे सांझ में
जन्म लेते हैं देव

मगर इतने छोटे
कि पंछी उन्हें चुगते हैं दानों की तरह.


-- क्लौद एस्तेबान


  क्लौद एस्तेबान (Claude Esteban) एक फ्रेंच कवि , निबंधकार व अनुवादक थे। वे फ्रेंच व स्पेनिश दोनों भाषाओं में सिद्धहस्त थे। पिछली सदी के दूसरे हिस्से के प्रमुख कवियों में से एक, वे अपने पीछे महत्वपूर्ण कृति छोड़ गए हैं। उन्होंने कला व कविता पर असंख्य निबंध लिखे व स्पैनिश भाषा के प्रमुख कवियों ओक्टावियो पास, बोर्खेस, लोर्का इत्यादि की कविताओं व लेखन का अनुवाद किया। आरम्भ में वे फ्रेंच कला व साहित्य की पत्रिकाओं में लेख लिखते रहे। 1968 में उनका पहला कविता संकलन प्रकाशित हुआ --'ला सेजों देवास्ते '.इसके बाद उनके कई संकलन प्रकशित हुए, वे प्रसिद्द कलाकारों के लिए उनकी प्रदर्शनियों के कैटालोग के लिए प्रस्तावनाएँ लिखते रहे। स्पेनी कवि होर्खे गुइयें से उनकी अच्छी दोस्ती हो गई व उन्होंने उनके कृत्य का  फ्रेंच में खूब अनुवाद किया। 1984 में उन्हें अपनी गद्य कविताओं के लिए मालार्मे पुरूस्कार प्राप्त हुआ। कला में उन्हें गहरी रूचि रही और 1991 में उन्हें एडवर्ड हापपर के चित्रों से प्रेरित कविता संकलन 'सोलई दौन्ज़ युन पीएस वीद ' के लिए फ्रांस कल्चर प्राइज़ प्राप्त हुआ। उनके 13 कविता संकलन, कई निबंध व अनेक अनुवाद प्रकाशित हुए,. यह कविता उनके संकलन 'स्यूर ला देर्नियेर लॉनद ' से है।
इस कविता का मूल फ्रेंच से हिंदी में अनुवाद -- रीनू तलवाड़